Anp news live दीदियों को मिली विकास की रफ्तार, मुख्यमंत्री ने सौंपी टाटा मैजिक की चाबी

Anp news live Raipur महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार 2026 के दौरान ग्राम चेरपाल में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाओं को आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना (AGEY) के तहत टाटा मैजिक सवारी वाहन सौंपे।

मुख्यमंत्री ने विकासखंड कुआकोंडा और कटेकल्याण के 8 संकुल स्तरीय संगठनों को वाहनों की चाबी प्रदान करते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना और दूरस्थ अंचलों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाना है। योजना के तहत प्रत्येक टाटा मैजिक वाहन के लिए लगभग 5 लाख रुपये की अनुदान सहायता प्रदान की गई है। इससे महिलाओं को नियमित आय का साधन मिलेगा और ग्रामीण परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से जिले में 41 हजार 110 से अधिक परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार और आयवर्धन गतिविधियों से जोड़ा गया है। समूहों की महिलाएं कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग, वनोपज प्रसंस्करण तथा अन्य आजीविका गतिविधियों के जरिए अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

इन वाहनों के संचालन से दूरस्थ गांवों के लोगों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही गांवों का बाजार, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज और जिला मुख्यालय से बेहतर संपर्क स्थापित होगा। महिलाओं को वाहन संचालन एवं प्रबंधन के माध्यम से स्थायी आय का स्रोत मिलेगा, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएं आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए रोजगार और जनसेवा का नया माध्यम बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Related Post