कनकेश्वर धाम को सार्वजनिक ट्रस्ट घोषित करने युवा संगठन कनकेश्वर सेवा समिति ने मुख्यमंत्री को भेजा आवेदन

कोरबा। जिले के ग्राम कनकी स्थित प्राचीन धार्मिक स्थल कनकेश्वर धाम को सार्वजनिक ट्रस्ट घोषित करने की मांग तेज हो गई है। युवा संगठन कनकेश्वर सेवा समिति ने मुख्यमंत्री को आवेदन पत्र भेजकर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई है।

 

समिति के अध्यक्ष रामेश्वर दास, उपाध्यक्ष विजय राजवाड़े एवं सचिव बसंत कुमार राजवाड़े ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित पत्र में उल्लेख किया है कि कनकेश्वर धाम प्राचीनतम और ऐतिहासिक स्थल है, जहां स्वयंभू भगवान कनकेश्वर भोलेनाथ एवं मां कनकेश्वरी मंदिर स्थित है। यह स्थल जनमानस की गहरी आस्था और श्रद्धा का केंद्र है।

 

प्रतिवर्ष यहां महाशिवरात्रि, सावन महामेला एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनमें क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर-दराज़ से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसके अलावा यहां प्रवासी पक्षियों का बसेरा भी होता है, जिसे देखने हजारों पर्यटक पहुंचते हैं।

 

वर्तमान में इस धार्मिक स्थल का संचालन ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से हो रहा है, लेकिन बड़े पैमाने पर नियमित रखरखाव, वित्तीय पारदर्शिता, आयोजन की सुव्यवस्था और भविष्य के विकास कार्यों के लिए इसे सार्वजनिक ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत करना आवश्यक है।

 

समिति ने अपने आवेदन में मांग की है कि –

 

कनकेश्वर धाम को सार्वजनिक ट्रस्ट घोषित किया जाए।

 

विधि अनुसार एक न्यास समिति गठित की जाए, जिसमें ग्राम पंचायत व स्थानीय श्रद्धालुओं के प्रतिनिधि शामिल हों।

 

शासन स्तर पर उपलब्ध योजनाओं और अनुदानों का लाभ इस धाम को दिया जाए।

 

समिति का कहना है कि यदि शासन इस पर सकारात्मक निर्णय लेता है तो यह धार्मिक स्थल और अधिक विकसित होकर समाज की सेवा कर सकेगा।

Related Post