कोंडागांव, 01 सितंबर 2025: कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री लता उसेंडी के निर्देश पर ग्राम पंचायत वन सिरसी में आज श्रम विभाग एवं उद्योग विभाग द्वारा संयुक्त शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ग्राम मथनी बेड़ा के दौरे के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को जानने के बाद आयोजित किया गया, जहाँ पता चला कि श्रमिकों का पंजीयन बहुत कम संख्या में हुआ है, जिससे वे शासन की योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
विधायक सुश्री उसेंडी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल शिविर लगाने के निर्देश दिए, जिसके तहत 01 सितंबर को शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया।

शिविर में कुल 78 ग्रामीणों का श्रमिक पंजीयन किया गया, जिनमें 43 पुरुष और 35 महिलाएं शामिल थीं। साथ ही, श्रम एवं उद्योग विभाग की ओर से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे वे भविष्य में इनका लाभ उठा सकें।

शिविर के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, वन सिरसी सरपंच श्रीमती रामबती पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक सुश्री लता उसेंडी का आभार जताया और शासन-प्रशासन से इसी प्रकार की जनहितकारी गतिविधियों की अपेक्षा जताई।
