पत्नी ने झगड़े के दौरान पति के प्राइवेट पार्ट पर काटा दांत, गंभीर रूप से घायल – महिला गिरफ्तार

रायगढ़ (लैलूंगा)- थाना क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में घरेलू विवाद के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति के साथ हुए झगड़े के दौरान उसके प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय अनिल राठिया, जो पेशे से राजमिस्त्री है, ग्राम बनेकेला में अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी शादी करीब 13 वर्ष पहले बिमला राठिया से हुई थी। दंपत्ति के तीन बच्चे हैं। परिवार में सबकुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन बीते कुछ समय से घरेलू कलह की स्थिति बनी हुई थी।

घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। अनिल की पत्नी बिमला राठिया अपनी ननंद से किसी घरेलू बात को लेकर झगड़ रही थी। झगड़ा बढ़ता देख अनिल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान वह शराब के नशे में धुत्त था, जिससे उसकी बातों पर पत्नी और ननंद दोनों ने एतराज जताया।

पति द्वारा बीच में आने से पत्नी और अधिक गुस्सा हो गई और दोनों के बीच कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। झगड़े के दौरान बिमला राठिया ने गुस्से में आकर अचानक अपने पति पर हमला करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया।

घटना के बाद अनिल दर्द से तड़प उठा और मौके पर मौजूद परिजनों ने तत्काल उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके प्राइवेट पार्ट में गहरा घाव हुआ है और 7 से 8 टांके लगाने पड़े।

इस घटना की सूचना मिलने पर लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बिमला राठिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), और 118(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पूर्व से ही विवाद चल रहा था और शराब के नशे में आए पति से झगड़ा बढ़ने पर यह घटना घटित हुई।

Related Post