ग्राम पंचायत बेलदगी में हाल ही में बनाए गए तटबंध निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। तीन माह पहले बनी नवनिर्मित सड़क के पास बनाए जा रहे तटबंध में शासन के तय निर्माण मानकों का पालन नहीं हो रहा, जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष है।
ग्रामीणों के अनुसार तटबंध की ऊंचाई, मजबूती और जल निकासी जैसी बुनियादी बातों की अनदेखी की जा रही है। इससे वर्षा के मौसम में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे हालिया बनी सड़क को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
लुण्ड्रा विधायक से जांच की मांग
ग्रामवासियों ने मामले को लेकर लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज से शिकायत की है और तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्य की गुणवत्ता सुधारने के लिए जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो वे जन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
प्रशासन से कार्रवाई की अपील
ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों से अपील की है कि निर्माण स्थल का तत्काल निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए, और यदि मानकों से समझौता किया गया है तो संबंधित ठेकेदार व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
