जिले में सहकारी सप्ताह के तहत आयोजित होंगे विविध जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम...

जांजगीर-चांपा, भारत सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक देशभर में “सहकारी सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप जिले में भी विभिन्न जागरूकता, प्रशिक्षण एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


उप आयुक्त सहकारिता ने विभाग कि सहकारी सप्ताह के दौरान सहकार से समृद्धि की अवधारणा को सशक्त बनाने तथा सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों, योगदान एवं संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय, राज्य, जिला, विकासखंड एवं प्राथमिक समिति स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, सम्मेलन, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा हितधारक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित होंगे।


सहकारी साप्ताह अंतर्गत 29 जून को पैक्स कार्यालय परिसरों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, बायलॉज का वाचन किया जाएगा तथा किसानों की आय वृद्धि में दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित होगी। 30 जून को जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों की आय बढ़ाने में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) एवं पैक्स की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 1 जुलाई को इफको एवं कृषको के सहयोग से ड्रोन तकनीक के माध्यम से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही कृषक संगोष्ठी एवं मृदा स्वास्थ्य विषयक परिचर्चा का आयोजन भी किया जाएगा। 2 जुलाई को जिले की मॉडल पैक्स समितियों कुटरा, मेंहदी एवं लखाली का भ्रमण कराया जाएगा। विभिन्न समितियों में माइक्रो एटीएम, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रूपे केसीसी कार्ड का वितरण भी किया जाएगा। 3 जुलाई को जिलेभर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ द्वारा प्रकाशित पाक्षिक “सहकारी समाचार पत्र” का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 5 जुलाई को चयनित विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सहकारिता विषय पर निबंध, चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को सहकारिता के महत्व से परिचित कराया जा सके। 6 जुलाई को सहकारी क्षेत्र में विकेंद्रीकृत विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के लिए चिन्हांकित ग्राम खोखरा में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा।

Related Post