मानिकपुर में नशेड़ियों पर दो दिन की बड़ी कार्रवाई – 12 शराबियों पर आबकारी, 10 पर कोटपा एक्ट में केस

थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने नशे की लत और सार्वजनिक जगहों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दो दिनों तक सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है।

मानिकपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नवीन पटेल के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत 12 व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने व हंगामा करने के आरोप में आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत गिरफ्तार किया गया, वहीं 10 नशेड़ियों के विरुद्ध कोटपा एक्ट एवं अलग से प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई मुड़ापार, नवधा चौक, शारदा विहार समेत संदिग्ध इलाकों में की गई। इस दौरान सउनि अमर जायसवाल, प्रधान आरक्षक कमलेश्वर शर्मा, आरक्षक संजय रात्रे, प्रदीप राठौर, संदीप सिंह सहित पूरी टीम सक्रिय रही।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत जन चौपाल लगाकर लोगों को नशा, साइबर ठगी, व "गुड टच-बेड टच" जैसे विषयों पर जागरूक किया जा रहा है।

चौपाल में नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर शाम के समय शराबियों के हंगामे की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इलाके में लगातार पेट्रोलिंग और दबिश दी।

 पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी अवैधानिक गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत सूचना दें, ताकि त्वरित कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Related Post