कोंडागांव, 26 जुलाई 2025: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलावंड की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जागृत करना एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
इस आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य जगमोहन भोयर के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी घनश्याम पांडे के निर्देशन में विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अनीता कोर्राम (जनपद अध्यक्ष, कोंडागांव) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अनीता बघेल (सरपंच, गोलावंड), बाबूलाल राय (ए.एस.आई) एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत – तिलक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर – से की गई। इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थितजनों को देशप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती कोर्राम ने छात्रों को देश के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं, ए.एस.आई बाबूलाल राय ने कारगिल की विषम परिस्थितियों, वहाँ के भूगोल एवं जलवायु के साथ-साथ कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे भी देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा "एक पेड़ माँ के नाम" थीम के तहत आयोजित वृक्षारोपण। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं छात्रों द्वारा मिलकर वृक्षारोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
इस अवसर पर बैजनाथ पोयम, पवन मरकाम, रामदास पोयम, विजय देवांगन, श्रीमती नीलम श्रीवास्तव, राजेश नेताम, श्रीमती सुरेखा ठाकुर, प्रीति खोब्रागड़े, राधिका उईके, शेर सिंह राणा सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
