बिलासपुर में दो दिन बाद फिर ट्रेनें एक ही ट्रैक पर – बड़ा हादसा टला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जहां मंगलवार को कोरबा पैसेंजर और मालगाड़ी की टक्कर में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, वहीं गुरुवार को फिर से ऐसा ही खतरा टल गया। एक बार फिर एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनें आ गईं — लेकिन इस बार वक्त रहते ट्रेनों को रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोटमीसोनार और जयरामनगर स्टेशन के बीच की है। बताया जा रहा है कि कोरबा मेमू लोकल ट्रेन के आगे और पीछे दो मालगाड़ियां खड़ी थीं। जैसे ही लोको पायलट को इसका अहसास हुआ, ट्रेनों को तुरंत रोक दिया गया। इस बीच यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सुरक्षा की वजह से ट्रेन से उतरकर ट्रैक किनारे खड़े हो गए।

सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कंट्रोल रूम को सतर्क किया गया। एहतियातन ट्रैक पर अन्य ट्रेनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।

हालांकि, रेलवे अफसरों ने इस पूरे घटनाक्रम को “सामान्य और रूटीन प्रक्रिया” बताया है। उनका कहना है कि ऑटो सिग्नल प्रणाली के तहत एक ही रूट पर एक से अधिक ट्रेनें कुछ दूरी पर चल सकती हैं।

Related Post