कोंडागांव/फरसगांव, 17 जुलाई 2025: नेशनल हाइवे 30 पर गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फरसगांव थाना क्षेत्र के सारबेड़ा के पास उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल के पिलर से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार, कार में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जैनेंद्र ठाकुर का परिवार सवार था, जो रायपुर से वापस कोंडागांव लौट रहा था। दुर्घटना में जैनेंद्र ठाकुर की पत्नी और नगर पालिका कोंडागांव की कर्मचारी शर्मीला सरकार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए तत्काल CHC फरसगांव लाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के चलते नेशनल हाइवे 30 पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और सड़क को साफ करवाया।
यह हादसा न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
