पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल से छूटते ही फिर शुरू की थी ब्लैकमेलिंग

केशकाल/कोंडागांव, 5 जून 2026 | केशकाल पुलिस ने एक पूर्व आरोपी को दोबारा गिरफ्तार किया है, जो जेल से रिहा होने के बाद एक पीड़िता को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी अमान विरानी पर पीड़िता को मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने और पूर्व में दर्ज केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप है।

**क्या है पूरा मामला?**

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमान विरानी के खिलाफ पहले से ही पीड़िता के साथ अनाचार और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज था। जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने सुधरने के बजाय पीड़िता को फिर से निशाना बनाया। आरोपी पीड़िता पर दबाव बना रहा था कि वह उसके खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमे को वापस ले ले। इतना ही नहीं, धमकी देते हुए उसने कोर्ट-कचहरी में हुए अपने खर्च के पैसों की भी मांग की।

**पुलिस की त्वरित कार्रवाई**

पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन और थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी अमान विरानी को धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, धमकी और दबाव बनाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे 3 जून 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Related Post