मझौली में खनिज माफियाओं का आतंक: अवैध रेत परिवहन रोकने गए रेंजर को बीच सड़क पर घेरा, पुलिस बनी तमाशबीन

जिले के मझौली थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे वन विभाग के रेंजर निलेश द्विवेदी को खनिज माफियाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त कर ला रहे रेंजर को छुही तिराहे पर माफियाओं ने महिलाओं के साथ मिलकर रोका और वाहन छुड़ाने का प्रयास किया।

 

रेंजर ने किसी तरह वाहन को निकालकर रेंज की ओर बढ़ाया, लेकिन पीछा करते हुए माफियाओं ने मझौली शहर तक पहुंचकर सड़क के बीच बोलेरो और मोटरसाइकिल अड़ा दी। इस गंभीर स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई, मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

 

"पुलिस को फोन किया, लेकिन मदद नहीं मिली," – रेंजर द्विवेदी ने बताया।

 

हालांकि, कुछ मीडिया प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे जिन्हें देखकर माफिया वहां से हट गए और वन विभाग की टीम ट्रैक्टर को सुरक्षित निकाल सकी।

 

इस घटना ने जिले में कानून व्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले समय में बड़े हादसे और टकराव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Post