उत्तर प्रदेश सोनौली में दबंगों का आतंक दिनदहाड़े 60 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला

सोनौली में दबंगों का आतंक: दिनदहाड़े 60 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, नगर में चर्चा का विषय बना मामला

 

सोनौली/महराजगंज

भारत-नेपाल सीमा से सटे कस्बा सोनौली में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है नगर पंचायत सोनौली के एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पर कथित तौर पर आठ लोगों द्वारा दिनदहाड़े किए गए हमले का मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग पिपरहिया चौराहे स्थित एक चाय की दुकान पर बैठे हुए थे इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी अचानक हुई इस घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की संख्या करीब आठ बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया भीड़ बढ़ती देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए

 

हमले में घायल बुजुर्ग ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने पूर्व विवाद को लेकर सार्वजनिक स्थान पर उनके साथ अभद्रता की, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान उसे गंभीर रूप से अपमानित किया गया और विरोध करने पर दबंगों ने और अधिक आक्रामक रुख अपनाया

 

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है साथ ही भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार भी लगाई है

 

वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं नगर में पूरे दिन इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा

Related Post