15 दिन की नवजात समेत तीन बेटियों के पिता की जेल में संदिग्ध मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ रायगढ़। जिला जेल में बंद विचाराधीन कैदी सुरेश रात्रे की

रायगढ़। जिला जेल में बंद विचाराधीन कैदी सुरेश रात्रे की संदिग्ध मौत ने न केवल प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि एक परिवार को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है, जिनमें सबसे छोटी बेटी का जन्म महज 15 दिन पहले ही हुआ था। परिवार का एकमात्र सहारा छिन जाने से अब उनके सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।


तमनार तहसील के डोलेसरा निवासी सुरेश रात्रे को 30 अप्रैल को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, 2 मई से उसका व्यवहार असामान्य होने लगा था और वह “अल्कोहल विड्रॉल सिम्पटम्स” से जूझ रहा था। सोमवार सुबह हालत बिगड़ने पर उसे किरोड़ीमल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल प्रबंधन इसे स्वास्थ्यगत कारणों से हुई मौत बता रहा है और किसी भी तरह की मारपीट से इनकार कर रहा है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुरेश को प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसकी जान गई।
घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और प्रशासन के खिलाफ तीव्र आक्रोश देखने को मिला। फिलहाल, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

Related Post