ड्रग्स पर कड़ा प्रहार, 123 किलो गांजा समेत नशीला सामान किया गया डिस्पोज

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की अवैध मादक सामग्री को नष्ट किया है। दिनांक 20 अप्रैल 2026 को जिला पुलिस द्वारा 63 लाख रुपए मूल्य के गांजा एवं नशीली टेबलेट को विधिवत प्रक्रिया के तहत भट्ठी में जलाकर समाप्त किया गया।

जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए करीब 123 किलो गांजा और नशीली टेबलेट को एकत्रित कर प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चांपा के प्लांट (फर्नेस) में नष्ट किया गया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई।

इस पूरी कार्रवाई का संचालन प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के नेतृत्व में किया गया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम ने इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

नशे के खिलाफ इस अभियान में आबकारी विभाग और पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी भी शामिल रहे, ताकि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और सुरक्षित तरीके से पूरी की जा सके। ड्रग डिस्पोजल के दौरान सहायक आबकारी आयुक्त नीलिमा डिग्रेसकर और क्षेत्रीय अधिकारी पर्यावरण संरक्षण मंडल राजाराम वैष्णव की उपस्थिति भी रही।

इसके अलावा थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, जिला अपराध शाखा के प्रभारी, मालखाना स्टाफ और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक बड़ी पहल माना जा रहा है, जो युवाओं को नशे से बचाने और समाज में सुरक्षा का माहौल बनाने की दिशा में अहम कदम है।

Related Post