त्योहारों पर शांति, सुरक्षा और सौहार्द को लेकर अरनोद थाना परिसर में विशेष बैठक

त्योहारों पर शांति, सुरक्षा और सौहार्द को लेकर अरनोद थाना परिसर में विशेष बैठक

अरनोद थाना परिसर में मंगलवार को आगामी जलझूलनी ग्यारस एवं गणेश जी की मूर्ति विसर्जन जैसे प्रमुख त्योहारों की तैयारियों को लेकर सीएलजी बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी हजारीलाल मीणा ने की, जिसमें सीएलजी सदस्य, गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं आमजन मौजूद रहे।

थानाधिकारी मीणा ने कहा कि आगामी त्योहार शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हों, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने आमजन से भी पूर्ण सहयोग की अपील की। मूर्ति विसर्जन एवं जलझूलनी ग्यारस के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जसपाल आंजना ने कहा कि गणपति विसर्जन पर डीजे की आवाज़ नियंत्रित रखी जाए और जुलूस के दौरान गुलाल उड़ाने में सावधानी बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहगीरों पर गुलाल न फेंका जाए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, जुलूस मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी।

सीएलजी सदस्यों एवं नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और सुझाव रखा कि विसर्जन कार्यक्रमों में छोटे बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में शांति समिति सदस्यों ने भी आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

Related Post