राष्ट्रीय खेल दिवस पर विशेष आयोजन, 29 से 31 अगस्त तक खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का होगा आयोजन

 

स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती 29 अगस्त को पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इसी अवसर पर वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट की भावना को आगे बढ़ाते हुए 29 से 31 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

 

संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कोरबा जिला मुख्यालय में भी विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त को प्रातः 7:30 बजे दर्री चौक स्थित स्व. मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं फिट इंडिया शपथ के साथ होगी। इसके बाद दिनभर विभिन्न खेल और मनोरंजनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

 कार्यक्रम विवरण–

 

29 अगस्त – प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम, कोरबा में शाम 4 बजे से हॉकी, फुटबॉल, व्हॉलीबॉल और बास्केटबॉल सद्भावना मैच।

30 अगस्त – इंडोर खेल प्रतियोगिताएं (किकबॉक्सिंग, वूशु, कुडो एवं बॉक्सिंग), फिटनेस टॉक और खेल विषयक वाद-विवाद।

31 अगस्त – संडे ऑन सायकल कार्यक्रम के तहत विशाल सायकल रैली, जिसमें आम नागरिक व खिलाड़ी शामिल होंगे।

 

इन आयोजनों में जिले के युवाओं, महाविद्यालयों, संस्थानों, पंचायत स्तर के प्रतिभागियों और स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ा जाएगा। साथ ही फिट इंडिया अभियान के तहत ऑनलाइन पंजीयन, फोटो-वीडियो पोस्टिंग और प्रमाणपत्र डाउनलोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Post