मोटरसाइकिल का साइड स्टैंड टूटा, व्याख्याता माही नदी में गिरे, मौत – 20 घंटे बाद भी लापता
प्रतापगढ़
मूंगाणा कस्बे के समीप माही नदी पुल पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डुंगरिया में कार्यरत विज्ञान विषय व्याख्याता राजकुमार लबाना (निवासी – सिंचाई विभाग कॉलोनी, प्रतापगढ़) नदी में बह गए। घटना के बाद से करीब 20 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार राजकुमार लबाना मोटरसाइकिल पर मूंगाणा की ओर आ रहे थे। माही नदी पुल पर उन्होंने मोटरसाइकिल को साइड स्टैंड पर लगाकर उसी पर बैठ गए। इसी दौरान अचानक स्टैंड टूट गया और वे संतुलन खोकर सीधे नदी में जा गिरे। तेज बहाव और गहराई के कारण वे देखते ही देखते लापता हो गए।
ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ बांसवाड़ा व प्रतापगढ़ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त है। परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे डटे हुए हैं और राजकुमार लबाना की तलाश की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
