युक्तियुक्तकरण के खिलाफ कोंडागांव में कांग्रेस का शिक्षा न्याय यात्रा, रायपुर नाका में हुआ जंगी प्रदर्शन

कोण्डागांव, 18 जून 2025: प्रदेश में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के खिलाफ कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को कोण्डागांव में कांग्रेस ने "शिक्षा न्याय यात्रा" के तहत जोरदार रैली निकाली, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली का नेतृत्व राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने किया।

 

कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने जा रही इस रैली को पुलिस ने रायपुर नाका के पास रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़पें भी हुईं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी सुरक्षाबल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युक्तियुक्तकरण के नाम पर प्रदेश के 10,463 स्कूलों को बंद करने जा रही है, जिनमें बस्तर संभाग के 1,163 और कोण्डागांव जिले के 397 स्कूल शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह फैसला भाजपा के उन चुनावी वादों के विपरीत है जिसमें 35,000 शिक्षकों की भर्ती की बात कही गई थी। अब इस नीति से न केवल हजारों शिक्षक बेरोजगार होंगे, बल्कि स्कूलों से जुड़े रसोइया, सफाईकर्मी और मध्यान्ह भोजन से जुड़ी महिलाओं की आजीविका भी खतरे में पड़ जाएगी।

 

ज्ञापन में कांग्रेस ने दावा किया कि इस फैसले से शिक्षा की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा, विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में। कांग्रेस नेताओं ने यह आरोप भी लगाया कि सरकार आदिवासी बच्चों को शिक्षित नहीं करना चाहती ताकि भविष्य में वे माइंस निजीकरण जैसे मुद्दों पर विरोध न कर सकें।

 

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि स्कूल बंद करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो प्रत्येक प्रभावित स्कूल के सामने स्थानीय जनता के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने यह संघर्ष तब तक जारी रखने की बात कही है जब तक सरकार युक्तियुक्तकरण की नीति को पूरी तरह से रद्द नहीं कर देती।

Related Post