मर्दानपुर में सफाई व्यवस्था चरमराई, सफाई कर्मियों की लापरवाही पर उठे सवाल

Anp News Live गाजीपुर। मनिहारी विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत मर्दानपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होती नजर आ रही है। गांव में तैनात दो सफाई कर्मियों के बावजूद नियमित सफाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि ड्यूटी के समय सफाई कर्मी अपने कार्यस्थल पर न होकर बाजार में समय बिताते देखे जाते हैं, जिससे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नालियां जाम हैं और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

 

इस लापरवाही को लेकर ग्राम प्रधान पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। वहीं मामले में एडीओ पंचायत सुनील सिंह की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासनिक जिम्मेदारी पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। कुछ लोगों द्वारा यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि सफाई कर्मियों की लापरवाही सामने आने के बावजूद कार्रवाई न होना संदेह पैदा करता है।

 

हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि मनिहारी विकासखंड पहले भी विभिन्न आरोपों को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में अब देखना यह होगा कि मर्दानपुर ग्राम पंचायत में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारी क्या कदम उठाते हैं और जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

Related Post