कोरबा जिले के करतला विकासखंड एवं तहसील बरपाली के ग्राम पचपेड़ी के ग्रामीण किसान पटवारी के गैरजिम्मेदाराना रवैये से खासे परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पटवारी अक्सर दफ्तर से नदारद रहते हैं, जिससे उन्हें अपने जरूरी काम के लिए कई-कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि फोन करने पर भी पटवारी अंबादास महंत कॉल रिसीव नहीं करते।
इस समय खेती-किसानी का सीजन चल रहा है और किसानों को अपने दस्तावेज़ व ज़मीन संबंधी कार्यों के लिए तत्काल पटवारी कार्यालय की ज़रूरत होती है। बावजूद इसके, पटवारी के नियमित अनुपस्थित रहने से किसान भटक रहे हैं।
जब इस संबंध में तहसीलदार अभिजीत सिंह राजभानु से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने भी कॉल रिसीव नहीं किया
गौरतलब है कि कलेक्टर ने पहले ही सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर ग्रामीणों का काम सुनिश्चित करें। इसके बावजूद अधिकारी और कर्मचारी आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं।
