कोंडागांव, छत्तीसगढ़ 08 जुलाई 2025: जिला मुख्यालय अंतर्गत कलेक्ट्रेट मार्ग पर ट्रकों की अवैध पार्किंग से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल और प्राथमिक शाला गांधीवार्ड के बच्चों के लिए यह मार्ग जोखिमपूर्ण बन चुका है।
प्रत्येक सुबह जब बच्चे स्कूल जाने के लिए इस मार्ग से गुजरते हैं, तब सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण उन्हें फुटपाथ की बजाय सड़क पर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है, क्योंकि इसी मार्ग से छोटे-बड़े अनेक वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय के बावजूद ट्रकों की अवैध पार्किंग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे केवल बच्चों ही नहीं, बल्कि आम राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। मोहल्ले के लोगों को अपने छोटे बच्चों पर लगातार नजर रखनी पड़ रही है, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मुख्य चौराहों पर ट्रकों की यह पार्किंग छोटे वाहनों की आवाजाही को भी प्रभावित कर रही है। इसके चलते कई बार जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा और भी बढ़ जाता है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या पर ध्यान देने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों सहित आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
