गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित राष्ट्र जागरण ज्योति कलश रथ यात्रा सुहागपुरा ब्लॉक के ग्राम मोटा धामनिया पहुंची, जहाँ ग्रामीणों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ रथ का स्वागत किया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक तपोनिष्ठ वेदमूर्ति परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्वलित अखण्ड दीपक के 100 वर्ष तथा माताजी भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में यह यात्रा पूरे देश में भ्रमण कर रही है।
यात्रा के दौरान गुरुदेव और माताजी के तप से अनुप्राणित ज्योति कलश क्षेत्र-क्षेत्र में दर्शनार्थ ले जाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह रथ यात्रा अरनोद व दलोट ब्लॉक होते हुए सुहागपुरा ब्लॉक पहुँची।
गायत्री परिवार के बाबूलाल कुमावत ने बताया कि ग्राम मोटा धामनिया में यात्रा के पहुँचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने दिव्य कलश के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और सामूहिक आरती कर उज्ज्वल भविष्य एवं कष्ट निवारण की प्रार्थना की।
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण गायत्री मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से गूंज उठा।
