कोरबा में तेज़ धान खरीदी, 24 दिसंबर तक 8 लाख क्विंटल से अधिक उपार्जन

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी का कार्य तेज़ी से जारी है। जिले के 65 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, जिससे अन्नदाताओं में उत्साह और संतोष का माहौल है।

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन वितरण, बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों से सटीक तौल तथा किसानों को समय पर भुगतान जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले में 52 हजार से अधिक किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को शाम 6:30 बजे तक पंजीकृत किसानों से कुल 8,09,898.40 क्विंटल गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके साथ ही समितियों से धान का उठाव भी लगातार कराया जा रहा है। अब तक जिले में 5,10,820 क्विंटल धान का उठाव पूर्ण हो चुका है।

जिला प्रशासन द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्रों एवं संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों से प्राथमिकता के आधार पर धान का उठाव किया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संग्रहण केंद्रों की व्यवस्था, धान की स्टैकिंग तथा अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।

प्रशासन की इन व्यवस्थाओं से जिले में धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है और किसानों को अपनी उपज बेचने में राहत मिल रही है।