दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों से सीधे संवाद करने वाले फ्रंटलाइन टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह पहल यात्रियों को बेहतर अनुभव दिलाने और रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के निर्देशन में ग्राहक सेवा एवं सॉफ्ट स्किल्स पर केंद्रित पाँच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 20 से 24 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगा। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों से चयनित कुल 45 टिकट चेकिंग कर्मचारियों का पहला बैच इस प्रशिक्षण में शामिल होगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और IIM रायपुर के बीच यह सहयोग दोनों संस्थानों के लिए उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इस पहल से यात्रियों के साथ व्यवहार, संवाद कौशल और सेवा प्रदायगी में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
टिकट चेकिंग स्टाफ ने भी इस प्रशिक्षण को लेकर उत्साह व्यक्त किया है, क्योंकि पहली बार उन्हें देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान में प्रोफेशनल स्किल्स विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि उच्च स्तर के प्रशिक्षण से रेलवे कर्मचारियों की क्षमता और प्रदर्शन में वृद्धि होगी तथा भारतीय रेल की छवि और सेवा मानकों को नई ऊँचाई मिलेगी।
