रायगढ़ को मिला नया एडिशनल एसपी वीरता मेडल से सम्मानित अनिल कुमार सोनी ने संभाला कार्यभार

 

रायगढ़। राष्ट्रपति के हाथों वीरता मेडल से सम्मानित 2007 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारी अनिल कुमार सोनी ने शनिवार को रायगढ़ जिले के नये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वे जशपुर जिले में पदस्थ थे।

बेसिक पुलिसिंग और कानून-शांति व्यवस्था प्राथमिकता

कार्यभार ग्रहण करने के बाद एएसपी अनिल कुमार सोनी ने कहा कि रायगढ़ एक औद्योगिक जिला है, ऐसे में बेसिक पुलिसिंग, कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही जिले में यातायात व्यवस्था का गहन अध्ययन कर सड़क हादसों को कम करने तथा मौत और घायलों के ग्राफ को रोकने का प्रयास किया जाएगा।

लंबा और प्रभावशाली पुलिस सेवा अनुभव

अनिल कुमार सोनी की पहली पदस्थापना कांकेर जिले के पखांजूर में एसडीओपी के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने महासमुंद जिले के बागबहरा में भी अपनी सेवाएं दीं। पदोन्नति के बाद वे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में नारायणपुर, कबीरधाम, मुंगेली, जांजगीर-चांपा और फिर जशपुर जिले में पदस्थ रहे। जशपुर के बाद अब उन्हें रायगढ़ जिले में सेवा का अवसर मिला है।

अबुझमार मुठभेड़ के लिए मिला वीरता मेडल

यह उल्लेखनीय है कि एएसपी अनिल कुमार सोनी को महामहिम राष्ट्रपति के हाथों वीरता मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उन्हें नारायणपुर जिले में पदस्थापना के दौरान अबुझमार क्षेत्र में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में साहसिक भूमिका निभाने के लिए दिया गया था। इस मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए थे और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया गया था।

एसपी कार्यालय में हुआ स्वागत

शनिवार को रायगढ़ पहुंचकर कार्यभार संभालने के बाद डीएसपी के नेतृत्व में एसपी कार्यालय के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान एएसपी सोनी ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और टीम वर्क के साथ काम करने की बात कही।

Related Post