दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल सेवाएँ प्रदान करने के लिए अधोसंरचना विकास में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। क्षमता विस्तार के कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं, जिससे परिचालन की दक्षता और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।
इसी क्रम में बिलासपुर–झारसुगुड़ा 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना अब अंतिम चरण में पहुँच गई है। इस परियोजना के अंतर्गत रायगढ़ स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इस दौरान स्टेशन यार्ड का आधुनिकीकरण भी किया गया, जिससे परिचालन व्यवस्था और बेहतर हो गई है।
कार्य में 28 टर्नआउट्स को हटाकर पुनः स्थापित किया गया, 4 टी-28 पोर्टल्स का उपयोग कर जटिल कार्य पूरे किए गए। TRT और BCM मशीनों की मदद से 850 मीटर ट्रैक नवीनीकरण, डीप स्क्रीनिंग, 1500 मीटर ट्रैक स्लूइंग और लिंकिंग के साथ प्लेटफॉर्म संशोधन का कार्य भी सम्पन्न किया गया।
इस परियोजना को पूरा करने में 350 से अधिक श्रमिक, 28 इंजीनियर, स्टेशन मास्टर और यातायात निरीक्षक दिन-रात जुटे रहे। भारी बारिश जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद कार्य को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ सम्पन्न किया गया।
चौथी रेल लाइन परियोजना के पूर्ण होने से रेल संचालन की क्षमता में बड़ी वृद्धि होगी। इसके बाद न केवल ट्रेनों का सुचारु संचालन संभव होगा बल्कि यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।
