कोंडागांव, 21 दिसंबर 2025 | जिले में आज रविवार 21 दिसंबर को पल्स पोलियो कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत कर दी गई है। सुबह से ही कोंडागांव शहर सहित जिले के विभिन्न वार्डों, मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई जा रही है।
पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 76,188 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर सुश्री नूपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चर्तुवेदी के मार्गदर्शन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 779 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 1,559 स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम की निगरानी हेतु 83 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए 6 ट्रांजिट टीम एवं 3 मोबाइल टीम गठित की गई हैं, जो बाजारों, बस स्टैंड, ईंट-भट्टों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज 21 दिसंबर को अभियान के प्रथम दिवस बूथों के माध्यम से बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। इसके पश्चात 22 एवं 23 दिसंबर को घर-घर जाकर सर्वे के माध्यम से छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियो की दो बूंद पिलवाएं और जिले को बाल लकवा मुक्त बनाने में सहयोग करें।
