राजनांदगांव। ग्राम पंचायत केशाल के आश्रित ग्राम हर्राटोला स्थित श्मशान घाट में बन रहे शेड और बैठक मंच के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। करीब 5 लाख रुपये की स्वीकृति से चल रहे इस कार्य में शुरुआत से ही गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
मौके से सामने आई तस्वीरें निर्माण की हकीकत बयां कर रही हैं। शेड के स्लैब (शिलाप) में जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं, वहीं बीम भी क्रैक नजर आ रहा है। दीवारों में भी सीधी दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे पूरे ढांचे की मजबूती संदिग्ध हो गई है। निर्माण में उपयोग की जा रही ईंटों को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि मानक के अनुरूप अच्छी गुणवत्ता की ईंटों के बजाय कमजोर सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह निर्माण कार्य पंचायत के माध्यम से सरपंच की निगरानी में कराया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। सस्ती सामग्री के उपयोग से सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे सरपंच की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इधर, ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि निर्माण में आई खामियों को देखते हुए इंजीनियर और ठेकेदार को मरम्मत करने और नियमित पानी की तराई (क्योरिंग) करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि काम को सुधारा जा सके।
नियमों के विपरीत, निर्माण स्थल पर अब तक कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे कार्य की लागत और अन्य जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो यह निर्माण भविष्य में हादसे का कारण बन सकता है।
