Anp News Live गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बयान का विरोध केवल विपक्षी दलों ने ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के भीतर से भी ब्राह्मण नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी इस मुद्दे को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला है।
इसी क्रम में सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जयप्रकाश पांडे ने भी सपा प्रवक्ता पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्र निर्माण, संस्कृति और सामाजिक समरसता का वाहक रहा है और इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
जयप्रकाश पांडे ने कहा कि “जब-जब ब्राह्मण समाज का अपमान हुआ है, तब-तब सत्ता की नींव हिली है। समाज के किसी भी वर्ग के सम्मान के साथ खिलवाड़ करना लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है।” उन्होंने इस बयान की घोर निंदा करते हुए संबंधित प्रवक्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को अपने नेताओं और प्रवक्ताओं की भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए, क्योंकि इस प्रकार के बयान समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करते हैं।
मामले को बढ़ता देख प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। विपक्षी दल इसे सामाजिक सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए लगातार सपा पर हमलावर हैं।
