दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल में 28 और 29 अगस्त को दो दिवसीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशियेशन मशीनरी) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे संगठनों और प्रबंधन के बीच संवाद के माध्यम से कार्यप्रणाली एवं उत्पादकता में सुधार लाना था।
इस बैठक की अध्यक्षता डीआरएम राजमल खोईवाल ने की, जबकि एडीआरएम योगेश कुमार देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा और मंडल कार्मिक अधिकारी रुहीना तुफैल खान ने किया।
बैठक में साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री, बी. कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव, आर. के. यादव सहित विभिन्न शाखा सचिवों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन द्वारा उठाए गए कुल 96 कर्मचारी हितैषी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पदोन्नति, कार्यस्थल की सुविधाएं, कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आवासीय सुविधाएं और कल्याणकारी योजनाएं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कई मुद्दों पर सहमति बनते ही उन्हें क्लोज भी किया गया।
पीएनएम बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम राजमल खोईवाल ने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों और उनके परिजनों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक सौहार्द्रपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
