रायपुर जिले के आरंग थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां इंद्रकुमार साहू के घर से नाग-नागिन सहित कुल 35 सांप मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद घर में दहशत का माहौल है और गांव में यह चर्चा का विषय बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इंद्रकुमार साहू के घर में कुछ दिनों से एक संदिग्ध बिल दिखाई दे रहा था। जब परिवार वालों ने उसे हटवाने का निर्णय लिया तो घर की टाइल्स को उखाड़ा गया, जिसके नीचे का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
टाइल्स के नीचे नाग और नागिन के साथ 35 छोटे-छोटे बच्चे मौजूद थे।घटना की सूचना तत्काल सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को दी गई, जिन्होंने पहुंचकर सावधानीपूर्वक सभी सांपों को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
देवरी सहित आसपास के गांवों में यह मामला तेज़ी से फैल गया है और लोग सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सांप बरसात के मौसम में ठंडी जगह की तलाश में घर के अंदर घुस आए होंगे। प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने ग्रामीणों को जागरूक रहने और किसी भी सांप दिखाई देने की स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।
