हत्या के इरादे से किए गए हमले के फरार आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद

जांजगीर-चांपा थाना पामगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला करने वाले फरार आरोपी विनोद कुमार यादव (उम्र 38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मुलमुला थाना क्षेत्र के बनाहिल गांव का निवासी है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।

घटना 06 जून 2025 की है, जब पीड़ित बाली यादव और उसके भाई नान्हू यादव खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान विवाद के चलते आरोपीगणों ने टंगिया, रॉड और बांस के डंडे से मिलकर दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। परिजनों द्वारा घायलों को तुरंत पामगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले में थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 260/2025 धारा 296, 109(1), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पहले ही इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों – रामलखन यादव, भरतलाल यादव और किरण यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।

प्रमुख आरोपी विनोद यादव घटना के दिन से फरार था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे पकड़कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया, और घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को दिनांक 28 जून 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, संतोष बंजारे, श्याम सरोज ओग्रे और सैनिक अनिल दिनकर की भूमिका सराहनीय रही।

Related Post