पेयजल संकट से जूझ रहा पखनाबेड़ा गांव, प्रशासन से राहत की आस

कोंडागांव/माकड़ी, 02 सितंबर 2025: कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करमरी के आश्रित ग्राम पखनाबेड़ा में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे तीन हैंडपंपों में से दो पूरी तरह खराब हो चुके हैं, जिनमें से एक का पूरा उपकरण ही गायब है और दूसरे से पानी आना बंद हो गया है। अब सिर्फ एकमात्र हैंडपंप बचा है, जिस पर पूरे गांव की निर्भरता है, जिससे पानी के लिए रोजाना लंबी कतारें और विवाद की स्थिति बन रही है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या से ग्राम पंचायत को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई उचित कार्यवाही नहीं की गई है। गांव की आंगनबाड़ी केंद्र में भी जलसंकट का असर देखा जा रहा है, जहां बच्चों को पौष्टिक आहार तैयार करने के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

थक हारकर स्थानीय ग्रामीणों ने आज मंगलवार दोपहर 3 बजे मीडिया को वीडियो के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा की और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के निराकरण की मांग की है।

 

ग्रामीणों की मांग है कि गांव के खराब हैंडपंपों की जल्द मरम्मत की जाए या वैकल्पिक जलस्रोत उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें इस बुनियादी जरूरत के लिए और संघर्ष न करना पड़े।

 

जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों द्वारा आगे कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है।

Related Post