जिलेभर में पुलिस का बड़ा अभियान, 56 स्थायी और 161 गिरफ्तारी वारंटों की हुई तामिली
रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 15 जून से 20 जून तक चलाए गए अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से कुल 217 फरार वारंटियों और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों और न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 56 स्थायी वारंटी तथा 161 गिरफ्तारी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। अभियान के परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है।
जूटमिल थाना बना अव्वल
अभियान के दौरान थाना जूटमिल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 31 वारंटों की तामिली की। इनमें 18 गिरफ्तारी वारंट तथा 13 स्थायी वारंट शामिल रहे। सक्रिय कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते जूटमिल थाना जिले में पहले स्थान पर रहा।
वहीं थाना छाल ने भी उल्लेखनीय कार्य करते हुए 25 वारंटों का निष्पादन किया। छाल पुलिस द्वारा 18 गिरफ्तारी वारंट और 7 स्थायी वारंट तामील किए गए, जिससे यह थाना दूसरे स्थान पर रहा।
अन्य थाना क्षेत्रों में भी प्रभावी कार्रवाई
अभियान के दौरान जिले के अन्य थाना क्षेत्रों ने भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना धरमजयगढ़ ने 15 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की, जबकि थाना लैलूंगा एवं खरसिया ने 14-14 वारंटों का निष्पादन किया। थाना कोतवाली और भूपदेवपुर ने 11-11, थाना चक्रधरनगर और कोतरारोड़ ने 10-10 तथा चौकी खरसिया ने 9 वारंटों की तामिली की।
इसके अलावा थाना पूंजीपथरा एवं तमनार ने 8-8, थाना कापू ने 6, थाना घरघोड़ा ने 5 तथा थाना पुसौर ने 4 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया।
स्थायी वारंटियों पर भी पुलिस की कड़ी नजर
स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी में भी पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई की। थाना चक्रधरनगर ने 7, थाना कोतवाली ने 6, थाना घरघोड़ा, कापू और तमनार ने 3-3 तथा थाना धरमजयगढ़, भूपदेवपुर और पुसौर ने 2-2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
अपराधियों को स्पष्ट संदेश
रायगढ़ पुलिस का यह विशेष अभियान फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। अभियान की सफलता से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
