जांजगीर चांपा
eDAR, ई-साक्ष्य, PM राहत योजना, CM हेल्पलाइन 1076 की शिकायत एवं मिशन वात्सल्य पर पुलिस लाइन जांजगीर में विशेष कार्यशाला
बच्चों की सुरक्षा, सड़क हादसों का वैज्ञानिक विश्लेषण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर फोकस
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के थाना-चौकी प्रभारी, रीडर, CCTNS आरक्षक उपस्थित रहे
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में आज पुलिस लाइन जांजगीर में दिनांक 27.06.26 को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में शामिल जिले के थाना -चौकी प्रभारियों, CCTNS ऑपरेटरों एवं थाना में रीडर कार्य करने वालों आरक्षकों, को eDAR, ई-साक्ष्य, PM राहत योजना, CM हेल्पलाइन 1076 की शिकायत एवं मिशन वात्सल्य पांचों डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग की बारीकियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को तकनीक आधारित, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाना रहा।
eDAR पोर्टल:
सड़क हादसे के पीड़ितों को अब नहीं लगेगा चक्कर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने बताया eDAR यानी Electronic, Detailed Accident Report पोर्टल पर प्रशिक्षण देते हुए बताया गया कि अब हर सड़क दुर्घटना की FIR, फोटो, पंचनामा, PM रिपोर्ट समेत सभी दस्तावेज 48 घंटे में ऑनलाइन अपलोड होंगे। इससे रिपोर्ट सीधे न्यायालय, बीमा कंपनी एवं परिवहन विभाग को पहुंचेगी और पीड़ित परिवारों को मुआवजा मिलने में लगने वाला समय आधा हो जाएगा। समयबद्ध एंट्री न करने पर जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए।
ई-साक्ष्य के संबंध में जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान सभी पुलिस विवेचकों को ई-साक्ष्य प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें डिजिटल साक्ष्यों के संग्रहण, सुरक्षित संरक्षण, दस्तावेजीकरण तथा न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुरूप उनके उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही, विवेचना के दौरान ई-साक्ष्य प्रणाली का प्रभावी एवं विधिसम्मत उपयोग सुनिश्चित करने तथा तकनीक आधारित विवेचना को अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
PM राहत योजना का उद्देश्य
दुर्घटना, अपराध या अन्य पात्र परिस्थितियों से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके आश्रितों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कठिन समय में तत्काल राहत मिल सके। साथ ही, पात्र हितग्राहियों तक सहायता राशि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचाना तथा पीड़ितों के पुनर्वास में सहयोग करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
CM हेल्पलाइन 1076 में शिकायतों के त्वरित निराकरण
CM हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। शिकायतकर्ता से आवश्यकतानुसार संपर्क स्थापित कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समय -सीमा के भीतर कार्रवाई पूर्ण कर पोर्टल पर सही एवं स्पष्ट जानकारी दर्ज की जाए। त्वरित एवं प्रभावी निराकरण से नागरिकों का शासन- प्रशासन के प्रति विश्वास सुदृढ़ होता है तथा बेहतर जनसेवा सुनिश्चित होती है।
मिशन वात्सल्य पोर्टल: बच्चों को मिलेगा सुरक्षा का डिजिटल कवच,
मिशन वात्सल्य पोर्टल बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, पुनर्वास एवं बाल अधिकारों के क्रियान्वयन का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए बेसहारा, गुमशुदा, शोषित या संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की जानकारी तत्काल दर्ज कर स्पॉन्सरशिप, दत्तक ग्रहण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। थाना स्तर पर केस हिस्ट्री अपडेशन और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी से समन्वय की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
