रायगढ़, 20 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 के सफल, पारदर्शी एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा से एक दिन पूर्व शनिवार को जिले के सभी 8 परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित कर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, तकनीकी संसाधनों और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान जैमर, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर बैकअप, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परखते हुए संभावित चुनौतियों का आकलन किया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित किए। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या को पूरी तरह समाप्त करना है।
जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा में कुल 2682 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) श्रेणी के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष परिवहन व्यवस्था भी की है। रायगढ़ रेलवे स्टेशन, ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड तथा केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए नि:शुल्क बस सेवा संचालित की जाएगी। परिवहन व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु वाहन प्रभारियों एवं चालकों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। जैमर की व्यवस्था के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के भीतर एवं बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें तथा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन में सहयोग प्रदान करें।
