विधायक खुशवंत साहिब की कार पर हमला, बाल-बाल बचे

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आरंग से भाजपा विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहिब की कार पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। यह हमला नवागढ़ से रायपुर लौटते समय हुआ जब उनकी गाड़ी चारभाटा ढोलिया और भोइना भांठा के बीच बायपास रोड पर गुजर रही थी।

अचानक हुई पत्थरबाज़ी में कार का शीशा टूट गया, लेकिन गनीमत रही कि विधायक साहिब सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। सूत्रों के अनुसार, कार की गति तेज होने के कारण पत्थर सीधे अंदर नहीं जा सका, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद विधायक के स्टाफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की छानबीन कर रही है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Post