मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी और स्कूल का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से जाना पढ़ाई का हाल

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के पंच मंदिर वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और शासकीय प्राथमिक शाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वच्छता और विद्यालयीन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

 

मंत्री ने आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता, टीकाकरण की स्थिति और पोषण ट्रैकर ऐप के उपयोग का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण आहार हर हाल में मिले।

 

प्राथमिक शाला में पहुंचकर मंत्री ने शिक्षकों से पाठ्यक्रम, मध्याह्न भोजन और पुस्तक वितरण के संबंध में जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर उनके पढ़ाई के स्तर और भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा, "मजबूत बचपन ही सशक्त भविष्य की नींव है। राज्य सरकार बाल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।"

 

निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर शिक्षा और पोषण सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

Related Post

Hg