रायगढ़। शहर के हृदय स्थल पुरानी हटरी परिसर में आज देर रात करीब साढ़े 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्रायफ्रूट की एक दुकान सहित तीन दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकानों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एवं दमकल विभाग की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दमकल वाहनों के पहुंचने से पहले ही दुकानें धू-धू कर जल रही थीं और आग तेजी से फैल रही थी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
आग लगने के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शार्ट-सर्किट की वजह से यह भीषण आग लगी होगी। पुलिस एवं संबंधित विभाग आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस आगजनी की घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन अभी नहीं हो सका है। दुकान के भीतर रखे ड्रायफ्रूट, अन्य सामान एवं फर्नीचर के पूरी तरह जलने की संभावना जताई जा रही है।
देर रात तक जारी रहा दमकल का प्रयास
समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। दमकल विभाग की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं, ताकि आग आसपास की अन्य दुकानों एवं रिहायशी इलाकों में न फैल सके।
घटना के बाद पुरानी हटरी परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। आग पर काबू पाने के बाद ही वास्तविक नुकसान एवं कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
