कोरबा के SS प्लाजा में भीषण आग, ज्वेलरी-कपड़ा-बर्तन की कई दुकानें जलीं

कोरबा।शहर के मध्य स्थित व्यावसायिक परिसर SS प्लाजा में सोमवार सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में घना धुआं फैल गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की चपेट में आकर ज्वेलरी, कपड़ा और बर्तन की कई दुकानें जलकर खाक हो गईं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग से बालाजी स्टील, पद्मिनी ज्वेलर्स, बालाजी क्लॉथ भंडार सहित दो अन्य छोटी दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।

 

आग पर काबू पाने के लिए 14 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और अतिरिक्त पानी के टैंकर लगाए गए हैं। बीते 5 घंटे से लगातार आग बुझाने का कार्य जारी है। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण राहत कार्यों में काफी कठिनाई आ रही है। दमकलकर्मी आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

 

आग लगने के बाद प्लाजा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई दुकानदार अपने-अपने प्रतिष्ठानों से सामान बाहर निकालकर नुकसान कम करने में जुटे रहे। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक तीन दुकानों के पूरी तरह प्रभावित होने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य दुकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है, हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

 

इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है, लेकिन आर्थिक नुकसान करोड़ों रुपये तक होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

Related Post