केशकाल पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 11 संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

केशकाल/ कोंडागांव, 03 जुलाई 2025: जिला कोंडागांव के केशकाल थाना क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक वॉय अक्षय कुमार के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक अरुण नेताम के मार्गदर्शन में केशकाल थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में 11 संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

 

थाना क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि अन्य राज्य व जिलों से आए कुछ लोग बिना किसी सूचना के सार्वजनिक स्थानों पर डेरा डालकर रह रहे हैं और रात्रि में संदिग्ध रूप से घूमते हैं। साथ ही, इन पर गंदगी फैलाने, झगड़ा करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की भी आशंका जताई जा रही थी।

 

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष मुहिम चलाकर क्षेत्र में घूम रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान 11 व्यक्तियों की उपस्थिति संदिग्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

 

थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई भविष्य में किसी भी तरह की अशांति, अपराध या अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से की गई है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की सतत निगरानी और सत्यापन की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Related Post