प्रेम प्रसंग का मामला: ग्राम गनियारी में युवक की हत्या, एक आरोपी पुलिस गिरफ्त में

कोरबा ।जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के ही एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान नंदकिशोर पटेल (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। उनका शव गांव के जय सिंह नामक व्यक्ति के बाड़ी में पड़ा मिला।

 

घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच एवं आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल करतला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर करतला पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया।

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि नंदकिशोर पटेल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई है। खोजी कुत्ते की मदद से पुलिस ने एक व्यक्ति जयसिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या का संबंध प्रेम प्रसंग एवं अवैध संबंध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

मृतक की पत्नी ने बताया कि नंदकिशोर पटेल बीती रात गौरा-गौरी कार्यक्रम के लिए बैठक में शामिल होने गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर उन्होंने फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद आ रहा था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके पति का शव गांव के ही एक बाड़ी में पड़ा हुआ है।

 

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। गांव में घटना के बाद से भय और शोक का माहौल है।

Related Post