कोरबा जिले के कटघोरा तहसील अंतर्गत चाकाबूड़ा जंगल में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने तेंदुआ जैसे दिखने वाले एक अज्ञात जानवर के बच्चे को देखा। वन्यजीवों को लेकर सतर्क ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर संतोष रात्रे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। कटघोरा डीएफओ निशांत झा ने जानकारी देते हुए बताया कि जानवर की स्पष्ट पहचान अब तक नहीं हो पाई है। हालांकि प्रारंभिक रूप से इसे विलुप्त प्रजाति की जंगली बिल्ली 'फेलिस चाउस' (Jungle Cat) माना जा रहा है।
इस रहस्यमय जानवर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे स्थानीय कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने बनाया बताया जा रहा है।
ज्ञात हो कि कोरबा क्षेत्र में पूर्व में भी वन्यजीवों की मौजूदगी देखी गई है। चैतुरगढ़ जंगल में बाघ की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है, वहीं पाली मुख्यालय के आस-पास 9 हाथियों के दल की भी हाल ही में मौजूदगी दर्ज की गई थी।
वन विभाग की टीम फिलहाल निगरानी में जुटी हुई है और ड्रोन कैमरे से इलाके की बारीकी से छानबीन की जा रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और अफवाह न फैलाने की अपील की गई है।
