चेतना अभियान के तहत अपराधों पर नकेल कसते हुए कोटा पुलिस ने घूम-घूमकर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी का नाम हीरा सिंह नेताम, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम पेंड्री (थाना तखतपुर) है, जो वर्तमान में ग्राम नगचुई थाना कोटा क्षेत्र में रह रहा था।
आरोपी पर दो अलग-अलग मामलों (अपराध क्रमांक 562/2025 एवं 689/2025) के तहत धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. में मामला दर्ज किया गया था। पहला मामला: प्रार्थिया ने 09 जून 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 7 जून को अपनी मां के घर बहतराई गई थी, जहां 8 जून को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर का ताला तोड़कर करीब ₹70,000 के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। दूसरा मामला: प्रार्थी ने 5 जुलाई को शिकायत की कि 19 जून को उसके कमरे से ₹3,500 की सिलाई मशीन चोरी कर ली गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कोटा और भरारी क्षेत्र में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पुरानी सिलाई मशीन और ₹1,500 नकद बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, सहायक उप निरीक्षक नहारू राम साहू, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, और आरक्षक सोमेश्वर साहू की विशेष भूमिका रही।
