कोण्डागांव की रंजीता कोरेटी ने ताईवान में जीता अंतरराष्ट्रीय गोल्ड, रचा नया इतिहास

कोण्डागांव, 17 जुलाई 2025 – छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले की बालिका रंजीता कोरेटी ने ताईवान में आयोजित एशियन कैडेट जूडो चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह उपलब्धि न केवल कोण्डागांव जिले बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य और पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण है।

 

रंजीता छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के बालगृह बालिका, कोण्डागांव की छात्रा हैं। प्रारंभिक दौर से ही खेलों में रुचि रखने वाली रंजीता को महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से जूडो का प्रशिक्षण दिलवाया गया। उनकी प्रतिभा और मेहनत को देखते हुए वर्ष 2023 में उन्हें भोपाल स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) में दाखिला दिलाया गया, जहां वे शिक्षा के साथ-साथ जूडो में भी उत्कृष्ट प्रशिक्षण ले रही हैं।

 

रंजीता की उपलब्धियां:

 

2021: ओपन नेशनल जूडो टूर्नामेंट, चंडीगढ़ – शानदार प्रदर्शन (40 किग्रा वर्ग)

 

2022: ओपन नेशनल जूडो, भोपाल – कांस्य पदक

 

2024: खेलो इंडिया नेशनल, केरल – रजत पदक (52 किग्रा वर्ग)

 

2024: खेलो इंडिया रीजनल, नासिक – स्वर्ण पदक

 

2024: त्रिशूर (केरल) – स्वर्ण पदक

 

2024: राष्ट्रीय ओपन नेशनल जूडो चैंपियनशिप, पुणे – स्वर्ण पदक (52 किग्रा वर्ग)

 

2024: खेलो इंडिया यूथ गेम्स, पटना – स्वर्ण पदक

 

2025: कैडेट यूरोपियन कप, जॉर्जिया – 5वां स्थान

 

2025: एशियन कैडेट चैंपियनशिप, ताशकंद – शानदार प्रदर्शन

 

2025: एशियन कैडेट चैंपियनशिप, ताइपे (ताईवान) – स्वर्ण पदक

 

 

रंजीता ने ताईवान में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई देशों की खिलाड़ियों को हराकर एशियन कैडेट चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता। यह जीत रंजीता की अथक मेहनत, समर्पण और अनुशासन का प्रतिफल है।

 

एक प्रेरणा बनी रंजीता

 

रंजीता कोरेटी की यह सफलता उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखते हैं। उनके जीवन की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर लगन और मार्गदर्शन सही हो, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।

 

जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राज्य बाल कल्याण परिषद ने रंजीता की इस सफलता पर हर्ष जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

 

Related Post