महराजगंज, सदर क्षेत्र के कटहरा से कबिलासपुर होते हुए बागापार टोला विशुनपुरवा तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी इस सड़क की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क अब आवागमन के लायक नहीं रह गई है। मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन चुके हैं। विशेष रूप से कटहरा टोला आजादनगर के पास सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जहां छोटे-बड़े वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग फिसलकर या वाहन अनियंत्रित होने से चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विशुनपुरवा गांव के समीप जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर स्थायी जलभराव की स्थिति बनी रहती है। बरसात शुरू होते ही हालात और बदतर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने जिलाधिकारी से क्षतिग्रस्त मार्ग का निरीक्षण कराकर त मरम्मत, गड्डों की भराई तथा प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मिथिलेश सिंह, रामहरख साहनी, अर्जुन मौर्य, गिरिजेश शर्मा, नरेंद्र गौंड, ज्ञानप्रकाश राय, ऐनुद्दीन, नागमणि कुमार, धर्मेंद्र भारती, अरविंद पटेल, मुख्तार अली और रामसरन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
