12 घंटे के हेलमेट जागरूकता अभियान को मिला गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान
अवास कैवर्त संवाददाता
जशपुर। सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जशपुर पुलिस ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार 12 घंटे तक संचालित किए गए हेलमेट जागरूकता अभियान को Golden Book of World Records में दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि के साथ जशपुर पुलिस ने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।
जनजागरूकता का बना अनूठा अभियान : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया तथा सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
नेतृत्व और नवाचार का परिणाम :इस उपलब्धि के पीछे डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह का दूरदर्शी नेतृत्व और अभिनव सोच प्रमुख रही। उनके मार्गदर्शन में जशपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐसा अभियान संचालित किया, जिसने विश्व रिकॉर्ड के रूप में अपनी पहचान बनाई। पुलिस विभाग की टीम भावना, समर्पण और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ने इस अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाई।
जिले में खुशी और गौरव का माहौल : गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने की खबर सामने आते ही जिलेभर में खुशी की लहर दौड़ गई। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जशपुर पुलिस की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया है।
सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बनेगी मिसाल : विशेषज्ञों का मानना है कि जशपुर पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा। यह अभियान न केवल लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा, बल्कि भविष्य में ऐसे जनहितकारी अभियानों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगा।जशपुर पुलिस की यह ऐतिहासिक उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जनहित के लिए समर्पित प्रयास और मजबूत नेतृत्व किसी भी लक्ष्य को विश्वस्तरीय पहचान दिला सकते हैं।
