महराजगंज,डीएम की सख्ती: स्कूलों व सड़कों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार हटाने के निर्देश -
महराजगंज- जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत व्यवस्था, नए कनेक्शन, बिल वसूली, पीएम सूर्यघर योजना तथा आईजीआरएस/जन शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को शीघ्र हटाया जाए। साथ ही प्रबंधकीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे तारों की जांच कर आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने को कहा।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को माध्यमिक विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए सड़कों के ऊपर झूलते व ढीले तारों को तत्काल ठीक कराने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि जर्जर पोल और ढीले तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और इन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए।
जन शिकायतों के निस्तारण पर जताई नाराजगी
आईजीआरएस/जन शिकायतों की समीक्षा में 109 मामलों में से 76 शिकायतकर्ताओं के असंतुष्ट होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए मौके का मुआयना अनिवार्य रूप से किया जाए।
पीएम सूर्यघर योजना के प्रचार पर जोर
डीएम ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना बिजली खपत कम करने के साथ अतिरिक्त आय का भी अवसर देती है, इसलिए उपभोक्ताओं को इसके प्रति जागरूक किया जाए।
स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम दूर करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं के बिल में कमी आई है, लेकिन लोगों में अभी भी भ्रम बना हुआ है।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में बताया गया कि जनपद में 24 विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं और मांग के अनुसार आपूर्ति सुचारु रूप से चल रही है। साथ ही यूईएचएच योजना के तहत छह कनेक्शन होने पर पोल व तार की व्यवस्था सरकारी व्यय पर की जा रही है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित विद्युत विभाग एवं नेडा के अधिकारी मौजूद रहे।
