जांजगीर-चांपा: जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने आज 23 मई 2025 को रक्षित केंद्र में आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण कर अनुशासन और सजगता का संदेश दिया। SP विजय पाण्डेय के आगमन पर परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद उन्होंने पूरे परेड का निरीक्षण किया और पुलिसबल के टर्नआउट की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट और अनुकरणीय प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान डंडा अनिवार्य रूप से साथ रखें, जिससे आवश्यक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
SP पाण्डेय ने परेड में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन के पालन के साथ-साथ आमजन के प्रति सहयोगी, पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
परेड के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहन शाखा के अंतर्गत सभी वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। स्टोर शाखा में सामग्रियों के रखरखाव और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। आर्म्स शाखा का भी निरीक्षण करते हुए हथियारों की साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस कैंटीन की व्यवस्था को भी देखा गया और निर्देशित किया गया कि खरीदी-बिक्री पूरी तरह नियमानुसार होनी चाहिए, ताकि सभी कर्मचारियों को समुचित लाभ मिल सके।
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, डीएसपी जितेंद्र खूंटे, डीएसपी कविता ठाकुर और मुख्यालय डीएसपी विजय पैकरा भी मौजू
द रहे।
